Monday, 15 April 2013

अब तो यही अरदास है , हे प्रभु ...!

जीवन की ढलती संध्या 
देख गहराता अँधेरा 
बाहर कम भीतर अधिक 
अब एक तुझे ही पुकारता मन...

हे प्रभु ....!

तेरे इस असार -संसार में
हमने कुछ न किया
,ना तुझे याद किया ,
न ही प्राणी मात्र के लिए
ना ही प्रयास किया
मानवता को बचाने का....

बस किया तो यही एक काम
,बाँट दिया एक इन्सान को
दूसरे से....


अब जीवन की ढलती सांझ में 
साल रहा है बस यही भय 
क्या मुहं ले कर आऊं पास तेरे....

अब तो यही अरदास है 
हे प्रभु ...!
दे दो मुझको 
बस एक ही मौका ,
तेरी हर कसौटी पर
खरा उतर के मैं दिखलाऊं ....


( चित्र गूगल से साभार )

Sunday, 14 April 2013

कुछ वादे तुमने किए थे .......

प्रिय 
कुछ वादे तुमने किए थे 
और कुछ वादे
मैंने भी किये थे तुमसे 
थाम एक दूसरे का हाथ ,
मान अग्नि को साक्षी ...

कुछ वादे किए थे मैंने
अपने आप से
तुम्हारे लिए
मान अपने अंतर्मन को साक्षी ...

साथ तुम्हारा कभी न छोडूंगी
कभी अनुगामिनी तो
कभी सहगामिनी बन
साथ चलूंगी सदा ....

अंधियारे राह में
मुझे ही पाओगे साथ सदा ही
रहूंगी खड़ी तुम्हारी राहों में
बन रोशनी की किरण .......

यही वादा निभाया भी है मैंने
जो किया था मैंने ,
मान अपने अंतर्मन को साक्षी .......

Friday, 12 April 2013

मैं अक्सर तुम्हारी तस्वीर में अपने रंग खोजती हूँ ...


दो कजरारी आंखे
 झपकते हुए ,
मैं अक्सर 
तुम्हारी तस्वीर में
अपने रंग  खोजती हूँ ...
वे रंग 
जो  कभी मैंने 
तुम्हें दिए थे ,
उनका क्या हुआ ...!
सागर की सी 
गहराई लिए दो आँखे ,
एक टक देखते हुए ...
हाँ वो रंग,
 अभी भी मेरे पास है और 
बहुत प्रिय भी ...
 पर 
वे  रंग चाह कर भी मैं ,
मेरे जीवन के केनवास 
पर नहीं उतार पाता...
उन रंगों को
 मैंने 
नज़रों में बसा कर 
 रखा है ...
जब भी आइना
 देखता हूँ 
तुम्हारा अक्स ढूंढ़ता  हूँ ...
कजरारी आँखें 
बरस पड़ी ,
सागर सी गहराई वाली 
आँखों की गहराई
 कुछ और गहरी हो गयी ....

Wednesday, 10 April 2013

पर मैं अगले जनम में चिड़िया बनना चाहती हूँ .......



उसने धीमे कहा 
क्या अगले जनम में भी 
साथ निभाओगी ...

हाँ शायद !
पर मैं  अगले जनम में
 चिड़िया बनना
चाहती हूँ ,
वो कुछ सोचते हुए बोली ...

इस सुनहरे पिंजरे से 
दूर उन्मुक्त
गगन में उड़ना 
चाहूंगी ...

तुम मुझे कैसे 
पहचानोगे तब ...!

हाँ पहचान लूँगा 
मैं ...!
इस सुनहरे पिंजरे की
आभा  से ,
तुम्हारे परों पर
 तब भी होगी
और
तुम्हारी आवाज़ से  ,
जो अभी भी चिड़िया
 की तरह ही है ...

जब मैं  हाथ बढाऊँ 
तुम मेरी हथेली पर आ
बैठना 
उसने अपनी आँखों की
चमक बढ़ाते हुए 
धीरे से फिर कहा ...

Tuesday, 9 April 2013

तुम मुझसे ना छुपा पाओगे ...


वेश बदल कर
मिलोगे
आहटें  न
बदल पाओगे ..

लब सिल कर रखोगे
नज़रों
 का बोलना ना
छुपा पाओगे  ...

चलते -चलते राह
बदल दोगे
पगडंडियाँ  ना
छोड़ पाओगे ...

मिलोगे भी नहीं
बात भी नहीं करोगे
सपने में आना  ना
छोड़ पाओगे ...

तुम से मैं हूँ
 मुझ से तुम हो
हर बात मुझसे जुडी है
तुम मुझसे ना
छुपा पाओगे ...

( चित्र गूगल से साभार )

Monday, 8 April 2013

वैसे तुम कहाँ हो अब ...


तुमने कहा
जैसे मैं तुम्हे देखती हूँ
तुम वैसे ही हो ...

लेकिन
जैसे मैं देखती हूँ
वैसे तुम कहाँ हो अब ...

समय बदल जाता है
मौसम बदल जाते है
दिन भी तो
एक जैसे कहाँ रहते हैं ...

एक दिन में भी तो कई
प्रहर होते हैं
हर प्रहर का भी तो
मौसम होता है
तासीर होती है ...

फिर तुम वैसे ही कैसे
रह सकते हो
जैसा मैं देखना चाहती हूँ ...

मौसम की तरह तुम भी
 बदले हो
नज़र ना बदली हो चाहे
नजरिया बदल कर
नज़रें तो फेर  ही ली तुमने ....

समय का फेर ही कहोगे तुम
इसे
मैं कहूँगी तुम्हारे मन का फेर ,
लेकिन इसे ...

फिर तुम कैसे कह सकते हो
जैसे मैं देखती हूँ
तुम वैसे ही हो ...





Saturday, 6 April 2013

बस प्रभु मेरा यही सन्देश तेरे नाम .......

ईश्वर के नाम 
सन्देश एक किसान का ....

बोता हूँ बीज जब भी 
ना केवल बीज ही 
हर बीज के साथ कितनी 
ही आशाओं को भी बो देता हूँ ...

धरती से निकलता
एक -एक अंकुर
है एक विश्वास -भरोसा
मेरी उम्मीदों का......

मेरा यही सन्देश है प्रभु
रखना जरा ध्यान ,
आलसी मेघों को भेज
देना जरा समय से ......


जरुरत होती है उनकी
सोये रहते है कुम्भकर्णी
निद्रा में मग्न ..

कभी कर देते हैं
फलती - फूलती, लहलहाती
मेरी आशाओं
को जलमग्न 

बेरुत जाग कर  ...

थोडा रखना उनकी थाम कर लगाम 
बस प्रभु मेरा यही सन्देश 
तेरे नाम .......